शनिवार, 7 जनवरी 2017

[4]

 स्कूल के फर्श पर टांग फैला कर अधलेटे आर्यन को नींद आ गयी। थोड़ी ही देर में वह गहरी नींद सो गया। लेकिन उसे शायद नींद के आगोश में भी अपनी उलझन से निजात नहीं मिली थी।  उसने सपने में देखा कि एक बूढा आदमी लड़खड़ाता हुआ उसकी ओर चला आ रहा है। पहले उसे लगा कि शायद पापा ही उसे ढूंढते हुए यहाँ तक चले आये हैं।  लेकिन वे पापा नहीं थे, ये इत्मीनान उसे हो गया।  कंधे पर बोझ सा उठाये यह आदमी डगमगाते हुए इस तरह चल रहा था जैसे बर्फ पर चल रहा हो।
नज़दीक आने पर उस आदमी ने बताया कि वह इस बीहड़ रास्ते पर एक दो घोड़ों की बग्घी पर सवार होकर गुज़र रहा था, कि अचानक उसके दोनों घोड़े दो अलग-अलग दिशाओं में ओझल हो गए। अब वह बेदम होकर उन्हें ढूंढता फिर रहा है।
आर्यन नींद से हड़बड़ा कर जाग उठा। वह पसीने से नहाया हुआ था, उसका दोस्त दिव्यांश लौट कर नहीं आया था। उसे भूख भी लगी थी। उसे घर की याद ज़ोर से सताने लगी। उसका मनोबल भी धीरे- धीरे टूटने लगा था। अब उसे लग रहा था कि वह भी अब घर लौट जाये। लेकिन इतनी रात को अकेले घर लौटना भी आसान नहीं था। इस समय उसे कोई सवारी भी आसानी से मिलने वाली नहीं थी।
वह ऊहापोह में ही था कि सहसा उसे किसी की पदचाप सुनाई दी। वह बुरी तरह डर गया। सुनसान बिल्डिंग में इस समय कौन हो सकता है? चौकीदार होने की बात ने भी उसे राहत नहीं दी। यदि एकाएक चौकीदार सामने आ भी गया तो वह अचानक उस से क्या कहेगा?
तभी सामने से उसे दिव्यांश आता दिखाई दिया। उसकी जान में जान आई। आँखें पनीली हो आने पर भी चमकने लगीं।  दिव्यांश ने 'सॉरी' बोलते हुए उसे बताया कि वह उन दोनों के लिए न केवल खाना ले आया है, बल्कि अपनी मम्मी को सारी बात बता भी आया है। आर्यन को जैसे राहत की एक और किश्त मिल गयी।
दोनों मित्रों ने एक साथ बैठ कर खाना खाया।
इस से पहले कि दोनों खाना ख़त्म करके पानी पीने उठते, धड़धड़ाते हुए दिव्यांश के पापा वहां आगये। मेन गेट पर रहने वाला गार्ड उनके साथ था। थोड़ी ही देर में दिव्यांश के पापा का स्कूटर दोनों बच्चों को बैठाये सुनसान सड़क पर दौड़ रहा था।
दिव्यांश ने फ़ोन करके आर्यन के घर पर भी खबर कर दी थी,और जब वे लोग दिव्यांश के घर पहुंचे, आर्यन के पिता भी उन लोगों का इंतज़ार करते  मिले।
उन्होंने दिव्यांश के पिता का आभार माना और कृतज्ञ होकर आर्यन को अपने साथ ले चले।
इतनी रात को आर्यन को देख कर उसकी मम्मी की भी रुलाई फूट पड़ी, वे शाम से ही सकते से में थीं और बिना कुछ खाये-पिए बैठी थीं।                            
     

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें